नई टिहरी में शपथ लेती एएनएम संगठन की नव निर्वाचित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी।
- फोटो : NEW TEHRI
मातृ शिशु एवं परिवार कल्याण महिला कर्मचारी संघ टिहरी के द्विवार्षिक अधिवेशन में कर्मचारियों ने पदोन्नति करने, उपार्जित अवकाश देने और जीपीएफ और सीपीएफ का सर्विस बुक में वार्षिक आंकलन करने की मांग उठाई। एक सप्ताह के अंतर्गत मांग पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। द्वितीय सत्र में संगठन की जिले की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें सर्व सम्मति से सावित्री देवी को जिलाध्यक्ष और ज्योति बाला को सचिव चुना गया।
बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित द्विवार्षिक अधिवेशन का मुख्य अतिथि एसीएमओ डा. एलडी सेमवाल, विशिष्ट अतिथि संगठन की प्रदेश अध्यक्ष गुड्डी मटूड़ा, उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी संघ के संयोजक कमलनयन रतूड़ी, राज्य कर्मचारी समन्वय समिति के संरक्षक डीपी चमोली व बीएस राणा ने किया। कर्मचारियों ने विधानसभा चुनाव अचार संहिता लागू होने से पूर्व पदोन्नति की सूची जारी करने की मांग की। संगठन की प्रदेश अध्यक्ष गुड्डी मटूड़ा, उपाध्यक्ष चित्रा राणा, सचिव हेमलता भंडारी ने कहा कि समस्याओं को लेकर संगठन लगातार संघर्ष करता आ रहा है। आगे भी संगठन हित में मिलकर कार्य करने की जरूरत है। संचालन राकेश भट्ट ने किया।
द्वितीय सत्र में चुनाव अधिकारी डीपी चमोली और कमलनयन रतूड़ी की देखरेख में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें सावित्री देवी अध्यक्ष, मंगला देवी वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ज्योति बाला सचिव, रेनू रतूड़ी कोषाध्यक्ष चुनी गई। अन्य पदों पर जिला कार्यकारिणी को मनोनयन का अधिकार दिया गया। अंत में चुनाव अधिकारियों ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई।