आरोग्य सेतु एप पर किसी के कोरोना पॉजिटिव होने का सिग्नल मिलने की अफवाह से सीएसडी कैंटीन में अफरा-तफरी मच गई। यहां कैंटीन खुलने का इंतजार कर रहे लोगों की भीड़ जुटी थी।
जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह बड़ी संख्या में लोग सीएसडी कैंटीन में सामान की खरीदारी को पहुंचे थे। लेकिन कैंटीन प्रबंधन ने कैंटीन नहीं खोली। लोग कैंटीन के बाहर इंतजार करते रहे।
पाबौ क्षेत्र से आए गुमान सिंह ने बताया कि वह सुबह सात बजे घर से चले थे। बड़ी मुश्किल से वाहन मिला। अब कैंटीन ही नहीं खोली जा रही। पैठाणी क्षेत्र से आईं भूमा देवी ने भी यही बात दोहराई। लोग कैंटीन खोलने में देरी से नाराज थे।
बताया जा रहा है कि इसी बीच किसी ने आरोग्य सेतु एप पर किसी के कोरोना पॉजिटिव आने की अफवाह फैला दी। इससे अफरा-तफरी मच गई। कैंटीन प्रबंधक दिनेश सिंह ने बताया कि कैंटीन में भीड़ बहुत अधिक हो गई थी। लोगों से शारीरिक दूरी का पालन किए जाने का आग्रह भी किया गया, लेकिन वह नहीं माने। मजबूरन कैंटीन बंद रखनी पड़ी। बताया कि कैंटीन बंद करने की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई थी। शुक्रवार को विधिवत कैंटीन खोल दी जाएगी।
20 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे
नई टिहरी। जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना संक्रमण का कोई भी पॉजीटिव केस न मिलने से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली। 20 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 19 एक्टिव केस अभी भी हैं। एडीएम शिव चरण द्विवेदी ने बताया कि बृहस्पतिवार को कोरोना संक्रमण का कोई भी केस नहीं मिला है, जबकि 20 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। बताया कि अब तक प्रशासन ने 4196 सैंपल लिए हैं, जिनमें से 3234 की रिपोर्ट नेगेटिव मिली है। अभी भी 255 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है। वर्तमान में 1355 लोग संस्थागत और 2542 लोग होम क्वारंटीन में रखे गए हैं।
लोनिवि के तीन कर्मी आइसोलेट, 10 के सैंपल लिए
लैंसडौन। पीडब्लूडी के एक ठेकेदार और उसके भाई के सहयोगी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उनके संपर्क में आए 10 कर्मचारियों के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। ठेकेदार के भाई की जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है, लेकिन पॉजिटिव मिले उनके सहयोगी के सीधे संपर्क में रहे पीडब्लूडी के सड़क निर्माण का कार्य देख रहे तीन कर्मचारियों को दुगड्डा की मेडिकल टीम कोटद्वार आइसोलेशन सेंटर में ले गई है। जयहरीखाल पीएचसी प्रभारी चिकित्सक डा. पुंकेश पांडे व ईई विवेक सेमवाल ने मामले की पुष्टि की है।
कोविड नियमों के उल्लंघन में तीन बैंकों को नोटिस
उत्तरकाशी। कोविड नियमों के उल्लंघन में तीन बैंकों को नोटिस जारी किए गए हैं। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने बृहस्पतिवार को शहर की बैंकों और एटीएम का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक तथा कॉपरेटिव बैंक में नियमों का उल्लंघन होता मिला। यहां थर्मल स्क्रीनिंग नहीं हो रही थी। लोगों ने मास्क नहीं पहने थे तथा भीड़ जुटी हुई थी। लापरवाही पर डीएम ने तीनों बैंकों के मैनेजरों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। नियमों का पालन न करने वाले बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों के चालान भी काटे। एटीएम कक्षों के नियमित सैनिटाइजेशन के निर्देश दिए। संवाद
रुद्रप्रयाग में 140 सैंपल जांच को भेजे
रुद्रप्रयाग। जिले से बृहस्पतिवार को 140 सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे गए। ये सभी संस्थागत क्वारंटीन प्रवासियों के सैंपल हैं। अभी तक सामने आए 66 मरीजों में 61 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। पांच मरीज अब भी कोविड-19 अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। इनकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय तिवारी के मुताबिक जिले से अभी तक 1850 सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 1571 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। 213 की रिपोर्ट का अभी इंतजार है। संवाद