फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर बोल्डर और मलबा गिरने से रास्ता बंद, 250 से ज्यादा लोग फंसे

Thu, 30 Jul 2020 10:26 PM IST
देहरादून ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टिहरी
विज्ञापन
चंबा नागणी के समीप बोल्डर और मलबा गिरने से बाधित हुआ ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे। - फोटो : NEW TEHRI
विज्ञापन

उत्तराखंड में नागणी के पास ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर पहाड़ी से भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा गिरने से यातायात बंद हो गया। हाईवे बंद होने से ढाई सौ से भी ज्यादा लोग फंसे हुए हैं। वहीं ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून जाने वाले वाहनों को पुलिस ने चंबा में ही रोक दिया है। बीआरओ के मजदूर हाईवे से मलबा और बोल्डर हटाने में जुटे हुए हैं। बीआरओ और पुलिस अधिकारियों ने जल्द यातायात सुचारु करने का दावा किया है।

विज्ञापन


बृहस्पतिवार शाम करीब 4.30 बजे नागणी में अचानक पहाड़ी से हाईवे पर भारी बोल्डर और मलबा गिर गया। गनीमत रहा कि उस वक्त वहां आसपास से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हाईवे के अचानक बंद होने से दोनों ओर ढाई सौ से ज्यादा लोग और दर्जनों वाहन फंसे हुए हैं। यात्री वाहनों में ही घंटों भूखे प्यासे सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं।


हाईवे पर जाम की समस्या उत्पन्न न हो इसके लिए पुलिस प्रशासन ने चंबा की तरफ से ऋषिकेश, देहरादून और हरिद्वार जाने वाले वाहनों को चंबा में ही रोक लिया है। ऋषिकेश से नई टिहरी की तरफ आने वाले वाहनों को खाड़ी और नरेंद्रनगर में रोका गया है। हाईवे पर गिरे बोल्डर और मलबा साफ करने के लिए जेसीबी मौके पर पहुंच चुकी है। एसएसआई जितेंद्र कुमार ने बताया कि हाईवे को खोलने में मजदूर जुटे हुए हैं, जल्द आवाजाही सुचारु कर दी जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

हाईवे की खराब हालत पर डीएम नाराज 

पौड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग खंड लोनिवि के अधिकारियों को श्रीनगर से सतपुली तक राजमार्ग की खराब स्थिति पर जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने फटकार लगाई है। डीएम ने दुगड्डा व कोटद्वार में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों को भू-वैज्ञानिकों से सर्वेक्षण कराए जाने के निर्देश दिए। 

बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग, जिला मार्ग व संपर्क मार्गों पर सुरक्षित यातायात के पुख्ता इंतजाम किए जाने जरूरी है।

आरटीओ एस शर्मा ने बताया कि जिले में विगत वर्ष 235 दुर्घटना संभावित क्षेत्र चिह्नित किए गए थे, जिनमें सुधारीकरण किया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें