नई टिहरी। नगर पालिका ने अपनी सड़कों का हॉटमिक्स डामरीकरण कर लोगों को बड़ी राहत दी है लेकिन सीएम घोषणा में शामिल लोनिवि की नौ किमी सड़क के गड्ढे पैचवर्क से भरे जा रहे हैं।
नई टिहरी नगर क्षेत्र में नगर पालिका के पास 20 किमी और लोनिवि के पास नौ किमी सड़क है। खस्ताहाल स्थिति में पहुंची सड़कों का हाॅटमिक्स डामरीकरण करने की मांग उठने पर नई टिहरी भ्रमण पर आए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शहर की आंतरिक सड़कों का हॉटमिक्स डामरीकरण करने घोषणा की थी।
2025 में संशोधित घोषणा में भी नगर क्षेत्र की आंतरिक सड़कों का हॉटमिक्स डामरीकरण कार्य शामिल है लेकिन उस पर अभी तक कोई काम नहीं होने पर पालिका ने सात करोड़ से 20 किमी सड़क का हॉटमिक्स डामरीकरण कर दी है लेकिन लोनिवि की सड़कों के गड्ढे पैचवर्क से भरे जा रहे हैं। पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि लोनिवि की सड़कों की दशा सुधारने के लिए वह लोनिवि के अधीक्षण अभियंता से मिले थे। उन्होंने कहा कि विभाग की यही लापरवाही रही तो उन्हें आंदोलन को मजबूर होना पड़ेगा।
नई टिहरी नगर क्षेत्र की नौ किमी सड़क का हॉटमिक्स डामरीकरण करने के लिए विशेष मरम्मत में 60 लाख और नवीनीकरण में 1.80 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। यह घोषणा अब विधानसभा क्षेत्र की 200 किमी सड़कों का निर्माण, सुधारीकरण और डामरीकरण में शामिल किया गया है।
- राजेंद्र कुमार टम्टा, ईई, प्रांतीय खंड लोनिवि बौराड़ी।