जल संस्थान कार्यालय पर प्रदर्शन पर उठाई मांग
घरेलू कनेक्शन से भवन निर्माण का आरोप, जल संस्थान पर उठाए सवाल
चंबा (टिहरी)। नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति का समय बढ़ाने, नालियों से पेयजल पाइपलाइन हटाने और भवन निर्माण में घरेलू पानी के उपयोग पर रोक लगाने सहित अन्य मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने बुधवार को जल संस्थान कार्यालय पर सांकेतिक प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी यदि एक सप्ताह के अंतर्गत उक्त समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि चंबा नगर क्षेत्र में दो दिन के अंतराल में सिर्फ एक घंटे ही पानी की आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति का समय बढ़ाने, नालियों में बिछी पाइप लाइनों को हटाकर उचित स्थान पर व्यवस्थित करने की मांग प्रमुखता से उठाई। आरोप लगाया कि कई रसूकदार लोग भवन निर्माण कार्यों में घरेलू पानी के कनेक्शन का उपयोग कर रहे है। ऐसी स्थिति में निर्माण कार्यों में घरेलू पानी के उपयोग से आम लोगों की जरूरतें प्रभावित हो रही है।
इस मौके पर अंकित सजवाण, विमला देवी, लक्ष्मी देवी, प्रभा देवी, गीता देवी, सुषमा देवी, सुनीता आदि मौजूद रहे। ईई प्रशांत भारद्वाज का कहना है कि चंबा पेयजल योजना पुनर्गठन का प्रस्ताव जल निगम के माध्यम से भेजा गया है। पुनर्गठन के बाद ही पानी आपूर्ति करने का समय बढ़ाया जा सकता है।