नवनियुक्त मुख्य विकास अधिकारी नमामि बंसल ने चंबा ब्लॉक का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से संचालित विकास योजनाओं का निर्धारित समय पर जरूरतमंदों को लाभ मिलना चाहिए। इस दौरान एडीओ पंचायत और कंप्यूटर ऑपरेटर कार्यालय में अनुपस्थित मिले। बीडीओ ने बताया कि दोनों कर्मी फील्ड में जरूरी कार्य से गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यालय परिसर में सफाई व्यवस्था चाक चौबंद न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विभिन्न बिलों के भुगतान में अनावश्यक देरी न की जाए। जनता की शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने बीडीओ डीएस रावत को फील्ड में जाकर योजनाओं के निरीक्षण के निर्देश दिए। कहा कि मनरेगा से होने वाले कार्यों में बोर्ड पर कार्य की लागत, भौतिक माप, वर्ष आदि भी जरूर अंकित होना चाहिए। सीडीओ ने मनरेगा, विधायक निधि, सांसद निधि, 15वें वित्त, राज्य वित्त, एनआरएलएम समेत अन्य योजनाओं की भी जानकारी ली।