जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक लेते हुए टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए सवालों का प्राथमिकता के साथ हल करने को कहा।
सांसद शाह ने बृहस्पतिवार को वर्चुअल माध्यम से अधिकारियों की बैठक ली। पीडी डीआरडीए आनंद सिंह भाकुनी ने पिछली बैठक के प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई की जानकारी देते हुए सांसद को बताया कि पीएमजीएसवाई के तहत पिल्खी-गोजियाण-बनचूरी मोटर मार्ग का पुनरीक्षित प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। सीएम घोषणा में शामिल जिला चिकित्सालय में कार पार्किंग का कार्य गतिमान है। घनसाली में 16 करोड़ 77 लाख की लागत से पंपिंग योजना बनाई जाएगी। योजना का प्रस्ताव जल जीवन मिशन (अर्बन) में रखा है। पूर्ति विभाग ने 26 जुलाई से 4 अगस्त तक भिलंगना ब्लॉक में राशन कार्ड शिविर के माध्यम से ऑनलाइन कराए। बैठक में एडीएम रामजी शरण शर्मा, अधीक्षण अभियंता लोनिवि एनपी सिंह, ईई केएस नेगी, ईई जल संस्थान सतीश चंद्र नौटियाल, डीएसटीओ निर्मल शाह, डीएसओ मुकेश पाल, डीएचओ डा. डीके तिवारी, ईओ राजेंद्र सजवाण आदि मौजूद थे।