पर्यटन विभाग की पहल शनिवार से कोटीकोलानी में होने वाले दो दिवसीय टिहरी झील साहसिक पर्यटन उत्सव और निवेशक सम्मेलन की तैयारियां पूरी हो गई हैं।
मुख्यमंत्री हरीश रावत, केंद्रीय पर्यटन मंत्री डा. महेश शर्मा और सूबे के पर्यटन मंत्री दिनेश धनै प्रात: 9.30 कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। 10 बजे कोटी कालोनी में रोड शो में नंदादेवी की झांकी, छोलिया नृत्य, जौनसारी और जौनपुरी नृत्य की झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी। कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए देशभर से निवेशक, टूर और ट्रेवल एजेंसियों के प्रतिनिधि यहां पहुंचने शुरू हो गए हैं।
टिहरी झील क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग की पहल पर दो दिवसीय साहसिक पर्यटन उत्सव आयोजित किया जा रहा है। झील में जॉरबिंग, पैराग्लाइडिंग, लेजर शोर, आतिशबाजी प्रदर्शन, कैनोईंग, क्याकिंग, राफ्टिंग, हॉट एयर बैलून, जेट बोटिंग के कार्यक्रम होंगे।
पर्यटन मंत्री दिनेश धनै ने बताया कि शनिवार को सभी कार्यक्रम कोटी कालोनी में होंगे। मुख्यमंत्री हरीश रावत और केंद्रीय पर्यटन मंत्री डा.महेश शर्मा राजीव गांधी साहसिक खेल अकादमी, मरीना होटल, बार्ज बोट का लोकार्पण करेंगे। उसके बाद निवेशकों, टूर और ट्रेवल एजेंसियों के साथ टिहरी झील में विकास की संभावनाओं पर परिचर्चा की जाएगी। रात को अकादमी में सांस्कृतिक कार्यक्रम हाेंगे।
29 नंवबर को प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण के उपरांत रात्रि के सभी कार्यक्रम बौराड़ी स्टेडियम में होंगे। सांस्कृतिक संध्या में लोक गायक किशन महिपाल, कल्पना चौहान, रेशमा शाह, चंद्रदत्त सुयाल, रेनू बाला, बीना बोरा गीतों की प्रस्तुति देंगी। संगीत राजेंद्र चौहान का होगा। इससे पहले स्टेडियम में आतिशबाजी की जाएगी।