डीएम ने ली मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना की समीक्षा बैठक
बोलीं, पलायन प्रभावित 43 गांवों के लिए संचालित होंगे आजीविका संवर्द्धन की योजनाएं
नई टिहरी। मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के तहत डीएम नितिका खंडेलवाल ने वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना की समीक्षा की। विभागीय अधिकारियों को पलायन की समस्या से जूझ रहे गांवों में युवाओं को केंद्र में रखकर योजनाएं तैयार करने को कहा। आजीविका संवर्द्धन के लिए युवाओं को प्रशिक्षण व संसाधन मुहैया कराने को कहा।
बैठक में सीडीओ वरूणा अग्रवाल ने बताया कि जिले के 50 राजस्व ग्रामों में से 43 गांव पलायन प्रभावित की श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। इनमें प्रतापनगर ब्लॉक के 14, जाखणीधार 9, थौलधार 8, चंबा व नरेंद्रनगर 5-5, जौनपुर 4, कीर्तिनगर 3 और भिलंगना ब्लॉक के 2 गांव शामिल हैं। चयनित गांवों में आजीविका संवर्द्धन के लिए मनरेगा, एनआरएलएम के अलावा कृषि, पशुपालन, लघु सिंचाई, शिक्षा, ऊर्जा आदि के माध्यम से कुल 115 योजनाएं संचालित की जाएगी।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए पीएस चौहान, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, लघु सिंचाई विभाग के ईई बृजेश गुप्ता, बीडीओ शाकिर हुसैन, उरेडा परियोजना अधिकारी एसएस महर आदि उपस्थित रहे।