बारिश की चेतावनी को देखते हुए तहसील प्रशासन ने उठाया कदम
गाड-गदेरे उफान पर, नदी के किनारे घरों में लगाए गए लाल निशान
घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नदी और गाड-गदेरों के समीप बनाए गए मकानों पर तहसील प्रशासन ने खतरे के लाल निशान लगाए हैं। नदी के उफान पर आने से किसी प्रकार के खतरे से निपटने के लिए लोगाें को नोटिस देकर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है। क्षेत्र में तैनात राजस्व निरीक्षकों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
तहसीलदार विरम सिंह पंवार ने बताया कि भिलंगना ब्लॉक में लगातार बारिश होने से नदियों और गाड-गदेरे उफान पर हैं, जिससे भूस्खलन का खतरा भी बना रहता है। खतरे को देखते हुए लोगों को सतर्क किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए नदी और गाड-गदेरों के समीप निवासरत लोगों को शिफ्ट करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत कोठियाडा के 17 परिवारों को नोटिस देकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा गया है।
इनके अलावा गनवाड़ी के तीन परिवार, अंकवाण गांव का एक परिवार, चक्रगांव के चार परिवार और चमोल गांव के एक परिवार को नोटिस देकर उन्हें बारिश के खतरे से आगाह करते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि आपदा प्रभावित तिनगढ़ गांव के लोगों को भी नोटिस देकर पुराने घरों को छोड़कर सतर्क रहने को कहा गया है। तहसीलदार ने कहा कि सभी क्षेत्र में तैनात सभी राजस्व उपनिरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र में अलर्ट रहने, मोबाइल फोन 24 घंटे खुला रखने, किसी प्रकार की आपदा आने पर कंट्रोल रूम और क्यूआरटी टीम को तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।