नई टिहरी। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद टिहरी शाखा के पदाधिकारियों ने उद्यान विभाग परिसर में कर्मियों के साथ गेट मीटिंग कर मांगों के निस्तारण को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया।
संगठन पदाधिकारियों ने कर्मियों से 10,16 और 26 वर्ष सेवा के उपरांत एसीपी के तहत पदोन्नत वेतनमान का लाभ दिए जाने सहित अन्य मांगों पर चर्चा की। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद टिहरी शाखा के जिलाध्यक्ष भगवान सिंह राणा और विधि सलाहकार रतन सिंह शाह के नेतृत्व में गेट मीटिंग संपन्न हुई।
उन्होंने कहा कि प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर 18 सूत्री मांगों के लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन चलाया जाएगा। प्रथम चरण में 15 से 31 जनवरी तक विभागों में गेट मीटिंग अभियान चलाया जाएगा। कहा कि संघ कर्मियों के गोल्डन कार्ड में खामियों, वेतन विसंगति दूर करने के लिए गठित समिति की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने, मासिक वाहन भत्ता बढ़ी दरों का लाभ दिए जाने, सेवा नियमावली संशोधन में विभागीय संगठनों को विश्वास में लिया जाए।
पंजाब और राजस्थान की भांति पुरानी पेंशन की बहाली, वर्कचार्ज कर्मियों के पेंशन और ग्रेच्युटी के भुगतान में आ रही समस्या का निस्तारण, 30 जून और 31 दिसबंर को सेवा निवृत होने वाले कर्मियों को वेतन वृद्धि का लाभ उत्तर प्रदेश की भांति संशोधित की जाए, आउट सोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कर्मियों की सेवा बरकरार रखने सहित 18 सूत्री मांग शामिल हैं।
इस मौके पर ममता भट्ट, धीरेंद्र पेटवाल, आशीष जोशी, रतन सिंह शाह, उमादत्त कांडवाल, सीमा उनियाल, पूजा गुसाईं,संगीता, अभिषेक गुप्ता, सोनू कुमार, आशीष, अनूप नेगी, ओम प्रकाश बहुगुणा मौजूद थे।