शिकायत के बाद भी लोनिवि नहीं दे रहा है ध्यान
उत्तरकाशी। धनारी पट्टी के बदहाल पड़े देवीधार-पटूड़ी मोटर मार्ग के सुधारीकरण को लेकर ग्रामीण लोनिवि से तीन बार लिखित मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। स्थिति यह है कि बदहाल मोटर मार्ग के कारण हर दिन वाहन चालक वहां पर चोटिल हो रहे हैं।
स्थानीय निवासी बृजमोहन राणा ने बताया कि देवीधार-पटूड़ी मोटर मार्ग का विभाग ने करीब चार माह पूर्व डामरीकरण का कार्य किया था, लेकिन वह कुछ दिनों में ही उखड़ गया था। उसके बाद ग्रामीणों ने शिकायत की तो विभाग ने वहां पर उखड़े हुए डामर को ठीक किया। विभाग का कार्य पूर्ण होने के बाद डामरीकरण फिर उखड़ने के कारण पूरी सड़क रोड़ियों में तब्दील हो गई है। वहां पर दोपहिया वाहन ही नहीं बल्कि चौपहिया वाहनों को आवाजाही में परेशानी हो रहा है। इसलिए लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
इस संंबंध में लोनिवि और प्रशासन को भी लिखित शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है, तो विभागीय अधिकारी मौके पर निरीक्षण की जहमत भी नहीं उठा रहे हैं। लोनिवि के सहायक अभियंता महेश कुमार का कहना है कि सड़क पर नमी वाले स्थानों पर डामर उखड़ रहा है। ठेकेदार को निर्देशित किया है कि मार्च तक वहां पर सड़क को दुरूस्त किया जाए।