कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ जनता दरबार का आयोजन
सार्वजनिक मार्ग मरम्मत के लिए मनरेगा योजना में प्रस्ताव दे बीडीओ : डीएम
नई टिहरी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दरबार में पुनर्वास, राजस्व, लोनिवि, विकास विभाग के मुद्दे प्रमुखता से छाए रहे। ग्राम पंचायत नौण्यां तोक के उत्तम सिंह रावत व धूम सिंह रावत ने राफ्टिंग कैंप और रिजॉर्ट संचालन की अनुमति मांगी, तो इस पर डीएम ने एसडीएम, जिला पर्यटन अधिकारी और सिंचाई विभाग के ईई से स्थलीय निरीक्षण कर इसकी रिपोर्ट देने को कहा।
प्रतापनगर के मोलगा गांव निवासी रमेश लाल ने आपदा से क्षतिग्रस्त आवासीय भवन निर्माण के लिए आर्थिक सहायता की मांग की, जिस पर डीएम मयूर दीक्षित ने एसडीएम प्रतापनगर को स्थलीय जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। खोला धारमंडल निवासी अंकिता रावत ने गांव के सार्वजनिक मार्ग की मरम्मत करने की मांग की। डीएम ने डीडीओ और बीडीओ प्रतापनगर को इसे मनरेगा योजना में प्रस्तावित करने को कहा।
तपोवन निवासी पुष्पा सजवाण ने उनकी जमीन के समीप बने प्लैट्स के कारण हो रही गंदगी को रोकने और भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे हटवाने का अनुरोध किया। डीएम ने मामले में एसडीएम नरेंद्रनगर को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने को कहा। कीर्तिनगर के ग्राम उमरी निवासी मनोज मिस्त्री ने उनकी भूमि पर किसी अन्य व्यक्ति द्वार कब्जा करने और निर्माण करने की शिकायत दर्ज कराई।
इस पर डीएम ने कीर्तिनगर तसीलदार को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नैनबाग के ग्राम खरसोन निवासी मयंक बिजल्वाण ने 500 मीटर अवशेष सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर सड़क को पूर्ण करने की मांग की। डीएम ने इस संबंध में अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग, नई टिहरी को शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कुठ्ठा निवासी शिवेंद्र सिंह ने उनकी भूमि की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करने की शिकायत की। इस मौके पर सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, पीडी डीआरडीए पीएस. चौहान, डीडीओ मो. असलम आदि मौजूद रहे।