15 दिनों से कार्य ठप होने पर स्थानीय लोगों ने जताया आक्रोश
कंडीसौड़ (टिहरी)। थौलधार ब्लॉक क्षेत्र के दर्जनों गावों की लाइफ लाइन कहे जाने वाले मैंडखाल- बंगियाल मोटर मार्ग की हालत जर्जर बनी है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के बीच लोगों को सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है। गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। हालांकि लोनिवि चंबा ने मोटर मार्ग पर गड्ढों को भरने का कार्य कुछ दिनों पहले शुरू किया था लेकिन पिछले 15 दिनों से बांडा व गैर के बीच कार्य को रोक दिया गया। इससे लोगों ने कड़ा आक्रोश जताया है।
बांडा के पूर्व प्रधान अनिल भट्ट, जिला पंचायत सदस्य सुनील जुयाल, भाग सिंह पडियार, टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष कर्ण सिंह भंडारी ने बताया कि मैंडखाल- बंगियाल मार्ग चंबा- मसूरी मोटर मार्ग को ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे को जोड़ता है। इस पर प्रतिदिन पर्यटक वाहनों के साथ-साथ चंबा, मसूरी, देहरादून आनेजाने वाले स्थानीय वाहनों का आवागमन होता है लेकिन मोटर मार्ग पर बने गड्ढों से सफर करना लोगों के लिए भारी परेशानी पैदा कर रहा है।
जिला पंचायत सदस्य सुनील जुयाल का कहना है कि मैंडखाल से बांडा तक जो कार्य किया गया है वह महज खानापूर्ति के लिए किया गया है। कई स्थानों पर पैचवर्क, गड्ढा भरने का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। कई जगह कुछ दिन पहले किया गया पैचवर्क उखड़ने लगा है। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए गुणवत्ता के साथ कार्य करने की मांग की है।
मैंडखाल- बंगियाल मार्ग पर पैचवर्क और मरम्मत कार्य रोलर खराब होने के कारण ठेकेदार ने बंद किया है जिन स्थानों पर पैचवर्क उखड़ गया है ठेकेदार को कार्य फिर से जल्दी शुरू करने व गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
-अमित रूसिया, सहायक अभियंता, लोनिवि चंबा