जिले में 18 से 44 आयु वर्ग तक के लोगों के लिए कोविड-19 की टीकाकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। डीएम ने इवा आशीष श्रीवास्तव ने लोगों को नेशनल पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने की अपील की है।
बताया कि जिले के स्वान केंद्रों पर जाकर भी कोविड टीकाकरण लिए रजिस्ट्रेशन करवाया जा सकता है। बताया कि नरेंद्रनगर, फकोट, गजा, धनोल्टी, जौनपुर, प्रतापनगर तहसील और ब्लॉक, घनसाली तहसील और ब्लाक, कीर्तिनगर ब्लॅाक, हिंडोलाखाल ब्लॅाक, जाखणीधार तहसील और ब्लॉक, कंडीसौड ब्लॉक, चंबा ब्लॉक, नई टिहरी स्थित सीडीओ कार्यालय में स्थापित स्वान केंद्रों पर जाकर टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। बताया कि रजिस्ट्रेशन की संख्या के आधार पर ही जिला प्रशासन शासन से वैक्सीन की मांग करेगा। टीकाकरण के लिए पोर्टल ही तिथि निर्गत करेगा, जिसके बाद संबंधित व्यक्ति निर्धारित तिथि को टीकाकरण केंद्र पर टीका लगा सकेगा।
होम आइसोलेट मरीजों की लें जानकारी
नई टिहरी। डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव ने जिला मुख्यालय के आपदा कंट्रोल रूम में बने जिला कोविड नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां स्थापित दूरभाष नंबरों पर प्राप्त शिकायतों से संबंधित पंजिका का अवलोकन करते हुए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट और स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को जरूरी निर्देश दिए। कहा कि शिकायतों को प्राथमिकता के साथ निस्तारित करें। कहा कि कोविड-19 के होम आइसोलेट मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी हर 48 घंटे में ली जाए। इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने बताया कि कक्ष में स्थापित 01376-234793, 233433 और टोल फ्री नंबर 1077 पर जिलेभर के लोग स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, दवाइयों की उपलब्धता, एंबुलेंस की उपलब्धता, कोविड टेस्टिंग की जानकारी ले सकते हैं।