जिले में हुई दो अलग-अलग कार दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत और चार लोग घायल हो गए। घायलों में तीन लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि घायल महिला को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार सुबह जीरोब्रिज-कोटेश्वर-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर भासौं पुल के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर 20 मीटर नीचे कच्ची सड़क पर जा गिरी, जिससे कार सवार मथुरा यूपी निवासी पति-पत्नी घायल हो गए। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सौंटियाल गांव निवासी महावीर सिंह ने जीरोब्रिज-कोटेश्वर-देवप्रयाग रोड पर एक कार दुर्घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंच रहे कांस्टेबल वरुण चौधरी को घायलावस्था में खाई से सड़क में पहुंची कार चालक की पत्नी प्रीति ने बताया कि उसका पति पवन कुमार (32) पुत्र शहनसा चाहर निवासी बी-53 धौली प्याऊ इंदिरा पुरी, जिला मथुरा यूपी कार के पास घायलवस्था में पड़ा है।
पुलिस ने घायल को सड़क तक पहुंचाकर दोनों को 108 सेवा से जिला अस्पताल बौराड़ी पहुंचाया, लेकिन तब तक पवन कुमार की मौत हो गई। जबकि महिला की हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस ने बताया कि दंपती चंबा से देवप्रयाग की ओर जा रहे थे। मृतक पवन कुमार सेना की सिग्नल कोर पटियाला में तैनात था।
उधर 30 जून की रात को ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर कांडीखाल पुलिस चौकी क्षेत्र के रामगढ़ के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। वाहन सवार सभी लोग गंगोत्री दर्शन के लिए जा रहे थे। पुलिस ने घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल दुर्गेश पटेल (40) पुत्र कानू भाई पटेल, विशाल पटेल (35) पुत्र रमन भाई पटेल, मीतेश शाह (38) पुत्र जयंती भाई शाह सभी निवासी अहमदाबाद गुजरात को एम्स रेफर किया गया। जबकि उनके साथी दीपक प्रजापति (38) पुत्र मनसुख भाई को हल्की चोट आई है।