नई टिहरी। टिहरी वनप्रभाग ने जंगलों में आग को बढ़ाने का कारक पैरूल का नायाब प्रयोग किया है। प्रभाग ने नालों पर बनाए गए पैरूल के चेकडैम से बरसात में भू-कटाव रोकने का दावा किया है।
विभाग ने टिहरी रेंज के सुरसिंगधार के आसपास के जंगल में नालों के चेकडैम निर्माण किए हैं, जिनसे वनों की आग से रोकथाम तो हो ही रही है। महकमे की मानें तो प्रयोग से पूर्व में क्षेत्र में चीड़ के पैरूल से लगने वाली आग को रोकने में इस साल सहायता मिली है। अब इससे बरसात में जंगलों में नालों के उफान से वनभूमि और जंगलों के आसपास कृषि भूमि के कटाव रोकने में भी मदद मिलेगी।
रेंज के जंगल में दो नालों पर 45 टन पैरूल से 15 चेकडैम बनाए गए हैं। रेंज अधिकारी एनएल डोभाल ने बताया कि एक नाले पर आठ और दूसरे में सात चेकडैम बनाए गए हैं। बताया कि चेकडैम से नालों के उफान से वन और कृषि भूमि को नुकसान नहीं होगा। साथ ही पानी इकट्ठा होने से जल संरक्षण भी होगा। वन प्रभाग की टिहरी वन रेंज में पैरूल से बनाए गए चेकडैम के तमाम कार्यों में सफल प्रयोग के बाद अब विभाग ने प्रभाग की चीड़ के जंगल वाली दूसरी रेंजों में भी पैरूल के चेकडैम बनाने की तैयारी कर ली है।