नई टिहरी। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन के संबंध में राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर जिले की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन तीन अक्तूबर 2026 को कर दिया गया है। जिले में 3010 मतदाता बढ़कर कुल मतदाताओं की संख्या 4,66,638 हो गई है।
एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित प्रारूप निर्वाचक नामावली में टिहरी जिले में कुल 4,63,628 मतदाता पंजीकृत थे। जबकि अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाताओं की संख्या बढ़कर 4,66,638 हो गई है। इस प्रकार प्रारूप सूची की तुलना में अंतिम सूची में 3,010 मतदाताओं की वृद्धि हुई है।
अंतिम सूची में 2,43,051 पुरुष और 2,23,583 महिला और चार तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्र वार आंकड़ों के अनुसार घनसाली विधानसभा क्षेत्र में प्रारूप सूची में 85,081 मतदाता थे, जो अंतिम सूची में बढ़कर 86,346 हो गए हैं। इसी तरह देवप्रयाग में प्रारूप सूची में 75,437 मतदाताओं के सापेक्ष अंतिम सूची में 75,801 मतदाता हो गए हैं।
नरेंद्रनगर में 79,199 से बढ़कर 79,507, प्रतापनगर में 74,237 से बढ़कर 74,594, टिहरी विधानसभा में 66,877 से बढ़कर 67,185 और धनोल्टी विधानसभा में 82,797 मतदाता से बढ़कर 83,205 मतदाता दर्ज किए गए हैं। एडीएम ने बताया कि अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट है, तो निर्धारित प्रकिया के तहत अपील कर सकता है। एक अक्तूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले आवेदन कर सकते हैं। बैठक में निर्वाचन के जवाहर सिंह, जयेंद्र सिंह पंवार, गब्बर सिंह रावत, नवीन सेमवाल, सतीश चमोली, सुशील पांडेय आदि मौजूद थे।