नरेंद्रनगर(टिहरी)। तहसील दिवस में पहुंचे लोगों ने सड़क, आपदा, पेयजल, भवन प्रतिकर, पार्किंग और भूमि अभिलेख आदि समस्याएं उठाई गई। डीएम नितिका खंडेलवाल ने कई शिकायतों का निस्तारण करते हुए अधिकारियों को अन्य समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।
नरेंद्रनगर में आयोजित तहसील दिवस में ग्राम डौर निवासी वीरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि उन्हें आपदा से क्षतिग्रस्त भवन का मुआवजा नहीं मिल पाया है। राजेंद्र सिंह गुसाईं ने व्यापारियों की समस्याएं उठाते हुए नगर पालिका पर व्यापारियों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। होशियार सिंह भंडारी ने कुंजापुरी मंदिर में बारिश से क्षतिग्रस्त पार्किंग बनाने की मांग की।
चाका के रमेश कोठियाल ने खतौनी में नाम शुद्धीकरण का मामला रखा,। सुरेंद्र सिंह पुंडीर ने ग्राम तलाई मोटर मार्ग का निर्माण जनभावनाओं के अनुरूप कराए जाने की मांग की। ग्राम सल्डोगी निवासी धनवीर भंडारी ने क्षतिग्रस्त प्राथमिक स्कूल भवन की मरम्मत करने की मांग की। ग्राम डौर के होशियार सिंह कैंतुरा और विक्रम कैंतुरा ने आपदा के कारण क्षतिग्रस्त रास्तों, पुलों और जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत करने की मांग की।
धर्म सिंह भंडारी दयूली-गुजराणा सड़क का कार्य जल्द पूरा करने और सड़क कटिंग के नाम पर अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की। धनवीर भंडारी ने नरेंद्रनगर ब्लॉक में वर्ष 2023-24 के दौरान क्षेत्र पंचायत निधि के अंतर्गत कराए गए रेलिंग निर्माण कार्य का भुगतान लंबित होने का मामला उठाया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा और एसडीएम आशीष घिल्डियाल आदि मौजूद थे।