जीजीआईसी थत्यूड़ का एनएसएस शिविर शुरू
शिविर में जागरुकता अभियान चलाने के साथ ही जिम्मेदारी की भावना सीखेंगी छात्राएं
थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड़ में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष शिविर रंगारं प्रस्तुतियों के साथ शुरू हो गया। शिविर में प्रस्तावित कार्यक्रकों की जानकारी देते हुए बताया गया कि शिविर में स्वच्छता, नशा मुक्ति और महिला हिंसा के प्रति जागरुकता अभियान चलाया जाएगा।
जीजीआईसी थत्यूड़ में बीईओ सुनील कार्की, प्रधान मेनका सजवाण, पीटीए अध्यक्ष राजपाल भंडारी, स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष बीना रावत और कॉलेज की प्रधानाचार्य उषा मेहरा ने शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान स्वयं सेवियों ने स्वागत गीत के साथ जौनपुरी और जौनसारी गीत-नृत्य की प्रस्तुतियां दी। प्रधानाचार्य ने बताया कि सात दिवसीय एनएसएस शिविर छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार शिविर का संचालन विद्यालय परिसर में ही किया जा रहा है। बताया गया कि सात दिवसीय शिविर में स्वच्छता, नशा मुक्ति, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, घरेलू हिंसा और साइबर क्राइम आदि के प्रति जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। स्वयं सेवियों के मार्गदर्शन के लिए प्रतिदिन बौद्धिक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। बीईओ के कहा कि एनएसएस छात्रों में अनुशासन, सेवा भाव और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मी तड़ियाल, सहायक अंजना परमार, शिक्षिका अनामिका, कुसुम पंवार, मनीषा चंद और दीपा नवानी आदि मौजूद थे।