जिला नियोजन समिति के सदस्यों की सहमति लिए बिना जिला योजना 2016-17 के लिए प्रस्तावित योजनाओं में फेरबदल पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण की अध्यक्षता में हुई बैठक में पहुंचे नवनियुक्त जिलाधिकारी इंदूधर बौड़ाई का सदस्यों ने जोरदार स्वागत किया। डीएम बौड़ाई ने कहा कि बिना डीपीसी के अनुमोदन के योजनाओं में फेरबदल करना गंभीर है।
उन्होंने अधिकारियों से बैठक में उठाई जानी वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण के भी निर्देश दिए। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी वीके पुरी ने बताया कि वर्ष 2016-17 में 80 करोड़ 93 लाख का परिव्यय जिला योजना में निर्धारित किया गया है। इसका अनुमोदन प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में डीपीसी में किया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य मुरारीलाल खंडवाल, अखिलेश उनियाल, उदय रावत ने लोनिवि के बजट में बढ़ोत्तरी करने, अमरेंद्र बिष्ट, परमवीर पंवार, रागिनी भट्ट, राजेश्वरी जोशी, पूर्णिमा रावत, गोविंद रावत ने जिला योजना में हैंडपंप, पेयजल योजनाओं की मरम्मत, पुनर्निर्माण, भूमि सुधार के लिए चेकडैम आदि के निर्माण के लिए बजट बढ़ाने की मांग की। इस मौके पर सीएमओ डा. अर्जुन सिंह सेंगर, प्रभारी सीडीओ भरत चंद्र भट्ट, सीईओ दिनेश चंद्र गौड, एएमए सोहन गैरोला, जल संस्थान के ईई नमित रमोला, लोनिवि जगमोहन चौहान आदि मौजूद थे।