श्रीदेव सुमन विवि प्रशासन ने एक बार फिर से ऑन लाइन परीक्षा फार्म भरने की तिथि बढ़ा दी है। छात्र-छात्राएं अब 10 जुलाई तक ऑन लाइन परीक्षा फार्म भरकर जमा कर सकते हैं। विवि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा आवेदन फार्म भरने हेतु अंतिम बार तिथि विस्तारित की जा रही है। इसके बाद किसी भी प्रकार से परीक्षा आवेदन फार्म भरने के लिए तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी।
विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. आरएस चौहान ने यह जानकारी दी है। विवि प्रशासन ने मुख्य परीक्षा, व्यवसायिक पाठ्यक्रम, सेमेस्टर और बैक पेपर परीक्षा फार्म ऑन लाइन भरने के लिए पहले 30 जून अंतिम तिथि निर्धारित की थी, लेकिन लॉकडाउन और शैक्षणिक संस्थान बंद होने के चलते दूर-दराज क्षेत्रों में निवासरत कई छात्र-छात्राएं निर्धारित समयावधि में परीक्षा फार्म भरने से वंचित रह गए थे। परीक्षा नियंत्रक डा. चौहान ने बताया कि विवि के कुलपति डा. पीपी ध्यानी ने छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए अब 10 जुलाई तक ऑन लाइन परीक्षा फार्म भरने की तिथि बढ़ाने की अनुमति दी है। बताया ऑन लाइन परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 12 जुलाई निर्धारित की गई है।