जिला अस्पताल बौराड़ी के पीपीपी मोड पर हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट को संचालन के लिए दिए जाने के बाद यहां तैनात चिकित्सकों को नए तैनाती स्थल के लिए रिलीव कर दिया गया है। अब अस्पताल पूरी तरह से जौलीग्रांट के हवाले हो गया है, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल की देखरेख के लिए डा. अमित राय को प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार ने बौराड़ी अस्पताल को पीपीपी मोड पर संचालन के लिए जनवरी 2019 से हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट को दिया था। साथ ही यहां पर तैनात डाक्टर से लेकर अन्य स्टाफ का कुछ दिन पूर्व अन्यत्र स्थानांतरण के आदेश भी शासन ने जारी कर दिए थे। शासन की ओर से जारी आदेश के बाद डाक्टरों को नए तैनाती स्थलों के लिए रिलीव किया गया है, जिनमें अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डा. यतेंद्र सिंह, डा. संदीप पांगती, डा. अर्चना वर्मा, डा. मनीषा भारती, डा. बीना सिंह, डा. ऋचा थपलियाल, डा. राखी गुसाईं, डा. सुचिता जैन, डा. जगदीश शर्मा को नई तैनाती स्थल के लिए रिलीव कर दिया है। डा. अनिल बिष्ट व डा. विनीता के छुट्टी पर होने की वजह से उन्हें रिलीव नहीं किया जा सका है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. भागीरथी जंगपांगी का कहना है कि छुट्टी पर चल रहे दो चिकित्सकों को छोड़कर अन्य को रिलीव कर दिया है।