मिनी बैंक ने केंद्र सरकार की नोटबंदी के कारण लेनदेन में परेशानी उठा रहे ग्राहकों के लिए राहत दी है। साधन सहकारी समिति के सचिव 20 दिसंबर तक मिनी बैंकों के खाताधारकों के जिला सहकारी बैंकों में जीरो बैलेंस पर खाते खुलवाएंगे। ताकि डीसीबी से ग्राहक सप्ताह में 24 हजार निकालने से लेकर जमा कर सके।
बृहस्पतिवार को टिहरी गढ़वाल जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रजनीकांत सुरीरा की अध्यक्षता में सचिवों, सहकारिता एवं बैंक अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें बताया गया कि डीसीबी से 139 मिनी बैंक संबद्ध है, जिसमें एक लाख 71 हजार 112 खातेधारकों के एक अरब 51 करोड़ 51 लाख 89 हजार जमा है।
लेकिन केंद्र सरकार की ओर से नोटबंदी के कारण मिनी बैंकों में लेनदेन पर पूरी तरह प्रतिबंध के चलते खातेधारकों को परेशानी हो रही है। डीसीबी वर्तमान में एक मिनी बैंक को केवल एक खाताधारक के रूप में मानकर केवल 24 हजार की नकदी ही दे रहा है।
खाताधारकों के हित सुरक्षित करने के लिए जिला सहकारी बैंक की विभिन्न शाखाओं में 20 दिसंबर तक जीरो बैलेंस पर प्रत्येक खाताधारकों के खाते खोलवाए जाएंगे। मिनी बैंक डीसीबी के विस्तार पटल के रूप में कार्यकर ग्राहकों को बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा।
डीसीबी के अध्यक्ष सुरीरा ने सचिव एवं डीसीबी के अधिकारी-कर्मचारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर तय समय पर खाते खुलवाने के निर्देश दिए। इस मौके पर सहायक निबंधक सहकारिता सुरेंद्र पाल, महाप्रबंधक वंदना श्रीवास्तव, डीजीएम बीएस नेगी, जयसिंह राणा, बृजमोहन नेगी, दीपक, हर्षमणी नौटियाल, विष्णु प्रकाश, बलदेव राणा, रजनी सरियाल, विनीता नेगी आदि मौजूद थे।