टिहरी जिले में सोमवार को तीन लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिसके बाद जिले में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या बढ़कर 294 तक पहुंच गई है। 255 लोग कोरोना से जंग जीतकर घर लौट चुके हैं। अब जिले में कोरोना के 39 एक्टिव केस रह गए हैं। सभी कोरोना पॉजिटिव को कोविड केयर सेंटर राजकीय नर्सिंग कॉलेज सुरसिंगधार में आइसोलट किया गया है। उधर, रुद्रप्रयाग जिले में तीन नए कोरोन संक्रमित मिले हैं।
सीएमओ डा. मीनू रावत ने बताया कि सोमवार को जिले में तीन लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। ये सभी लोग महाराष्ट्र से एक सप्ताह पहले जिले के बार्डर मुनिकीरेती पहुंचे थे। सभी को मुनिकीरेती में संस्थागत क्वारंटीन में रखा गया था। पॉजिटिव मिले तीनों लोग प्रतापनगर ब्लॉक क्षेत्र के हैं। सोमवार को नौ विकास खंड क्षेत्रों से 158 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। अब तक 3215 लोगों की सैंपलिंग की जा चुकी है, जिनमें से 2383 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव मिल है। 538 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। 1797 लोगों को संस्थागत और 3898 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। अब तक सर्वाधिक 149 लोग भिलंगना ब्लॉक, प्रतापनगर 31, जाखणीधार 30, थौलधार 23, जौनपुर 20, देवप्रयाग 13, नरेंद्रनगर 12, चंबा 11 और कीर्तिनगर ब्लॉक क्षेत्र में पांच लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। उधर, रुद्रप्रयाग के सीएमओ डॉ. शंभू कुमार झा ने बताया कि संक्रमित मिले तीनों लोग संस्थागत क्वारंटीन थे, जहां उनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था।
चमोली में 34 मरीज स्वस्थ होकर घरों को लौटे
गोपेश्वर। चमोली जिले में 44 कोरोना मरीजों में से 34 मरीज स्वस्थ होकर अपने घरों को लौट गए हैं। राहत की बात यह है कि जिले में पिछले दो दिनों से कोई भी कोरोना संक्रमित केस नहीं मिला है। सीएमओ डा. केके सिंह ने बताया कि 10 मरीजों का अभी भी आइसोलेशन सेंटर में उपचार चल रहा है। कोविड संक्रमण से बचाव के दृष्टिगत बाहरी प्रदेशों से आए 435 प्रवासी अभी संस्थागत क्वारंटीन और 4746 प्रवासी होम क्वारंटीन में चल रहे हैं। संवाद