चार सालों से पुनर्वास की मांग कर रहे नंदगांव के ग्रामीणों ने फिर से पुनर्वास निदेशालय पर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। गुस्साए ग्रामीणों का कहना है कि जल्द ही मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो अनशन शुरू कर मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
टिहरी बांध की झील से भूधंसाव की चपेट में आए नंदगांव के 47 परिवारों का कहना है कि वर्ष 2010 में झील का जलस्तर आरएल 832 मीटर तक आने पर आरएल 835 मीटर से ऊपर निवास कर रहे 47 परिवारों के भवनों में दरार और डूब क्षेत्र से शेष बची भूमि भूधंसाव की चपेट में आ गई थी। तब शासन ने क्षेत्र का सर्वे कराया, जिसमें विशेषज्ञों ने खतरा बताते हुए 47 परिवारों का पुनर्वास करने की सिफारिस की थी। लेकिन अभी उस निर्णय पर कोई अमल नहीं हो पाया है।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष सोहन सिंह राणा ने कहा कि वह लगातार धरना-प्रदर्शन करते आ रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुनर्वास की कार्रवाई पूरी होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। सोमवार को रुशना देवी, विमला देवी, इंद्रदेई देवी और समा देवी क्रमिक अनशन पर रही। समर्थन में भाजपा के टिहरी विधानसभा संयोजक धन सिंह नेगी, अजयपाल नेगी, सोहन सिंह, दुर्गा सिंह, जगदंबा सेमवाल, राम सिंह, रुकमणी देवी, मंगशिरी देवी, गीता देवी, रुशना देवी, मकानी देवी, भरोसी देवी, रुकमणी आदि ने धरना दिया।