मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बृहस्पतिवार को नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गजा नगर पंचायत का उद्घाटन करने के साथ ही कई अन्य विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि गजा नगर पंचायत के संचालन के लिए नौ सदस्यीय समिति बनाई जाएगी।
गजा इंटर कालेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रावत ने 4.31 करोड़ की लागत से बने नकोट-गजा 14 किमी मोटर मार्ग का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि गजा को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसका सर्वे करने के लिए पर्यटन विभाग को धनराशि मुहैया कराई गई है।
इसके अलावा राजकीय वेलमति चौहान महाविद्यालय के लिए पांच लाख रुपये देने, पोखरी महाविद्यालय में अतिरिक्त विषय खोलने, तपोवन से कुंजापुरी तक सड़क निर्माण और करुणा देवी मंदिर का सुंदरीकरण करने और गजा नगर पंचायत के संचालन को नौ सदस्यीय समिति बनाने की उन्होंने घोषणा की। उन्होंने कहा कि गजा स्थित स्वास्थ्य केंद्र का अगले वर्ष उच्चीकरण किया जाएगा।
जंगली जानवरों से निजात दिलाने के लिए सीएम ने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में बंदरबाड़े बनाए जा रहे हैं, इसके साथ ही वन विभाग को जंगलों में फलदार पेड़ लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर नरेंद्रनगर की पालिकाध्यक्ष दुर्गा राणा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु बिजल्वाण, पूर्व प्रमुख वीरेंद्र कंडारी, रमेश उनियाल, सूरज राणा, मनोज द्विवेदी, डीएम इंदुधर बौड़ाई, सीडीओ आशीष भटगाईं, जगमोहन भंडारी, लेखराज भंडारी और कुंवर सिंह चौहान आदि मौजूद थे।