नई टिहरी के विकास भवन में योजनाओं की जानकारी लेते म्यांमार के अधिकारियों का दल।
- फोटो : NEW TEHRI
नई टिहरी। टिहरी जिले में संचालित होने वाले विकास कार्यों की जानकारी लेने के लिए शुक्रवार को म्यांमार के 34 अधिकारियों का दल नई टिहरी विकास भवन पहुंचा। विकास विभाग के अधिकारियों ने म्यांमार के अधिकारियों को जल संचय, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोलर पंपिंग, कीवी, सगंध पुष्प, मशरूम उत्पादन और मनरेगा की योजनाओं की जानकारी दी।
मसूरी स्थित एनसीजीजी (नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस) के अधिकारियों की देखरेख में म्यांमार के अधिकारियों का दल विकास भवन पहुंचा। एनसीजीजी के कोर्स डॉयरेक्टर डा. संजीव शर्मा ने बताया कि मिड करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत मसूरी में म्यांमार के अधिकारी 14 दिनों के प्रशिक्षण के लिए आए हैं। इसके तहत नौ दिन की लिखित और पांच दिन प्रेक्टिकल सेशन है। दल उत्तराखंड, यूपी और दिल्ली का भ्रमण कर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी लेगा।
विकास भवन में सीडीओ आशीष भटगांई ने म्यांमार के अधिकारियों को बताया कि जिले के नौ ब्लॉक में आजीविका संवर्द्धन व किसानों की आय दोगुनी करने के लिए कार्य चल रहे हैं। उन्होंने जल संचय, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोलर पंपिंग, कीवी फलोत्पादन, सगंध पुष्प उत्पादन, मशरूम उत्पादन की जानकारी दी। म्यांमार के टाउनशिप एडमिनिस्ट्रेटिव अधिकारी भारत में एसडीएम स्तर के अधिकारियों के समकक्ष होते हैं। इससे पूर्व दल ने टिहरी बांध का भ्रमण भी किया। इस मौके पर अस्टिेंट अधिकारी बृजेश बिष्ट, डीडीओ आनंद भाकुनी, पर्यटन अधिकारी सुरेश यादव, डीपीआरओ आरएस असवाल, यतीश पुंडीर आदि मौजूद थे।