सेल्फी प्वाइंट पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए लोगों को जागरूक करें : डीएम
नई टिहरी। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेते हुए डीएम नितिका खंडेलवाल ने परिवहन विभाग से सेल्फी प्वाइंट को लेकर लोगों को जागरूक करने के साथ ही बाहर के वाहन चालकों से हुई दुर्घटनाओं की रिपोर्ट तलब की है। विभाग को सड़क सुरक्षा संबंधी स्लोगन बनाने, स्लाइडिंग जोन पर साइनेज लगाकर लोगों को जागरूक करने और वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर रॉक क्रीपर्स लगाकर पहाड़ों से पत्थर गिरने से बचाने को कहा गया है।
सोमवार को आयोजित सड़क सुरक्षा की बैठक में बताया गया कि अधिकतर दुर्घटनाएं तेज रफ्तार के कारण हुई है, जबकि नशे में गाड़ी चलाने और ओवरटेक करने से एक-एक दुर्घटना हुई है। विभाग की ओर की गई कार्रवाई में वर्ष 2024-25 में तीन हजार और पुलिस विभाग द्वारा 26 हजार 103 चालान किए गए।
बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में एसई लोनिवि ने बताया कि दुर्घटना स्थलों पर क्रश बैरियर लगा दिए गए हैं। अधिशासी अभियंता लोनिवि नरेंद्रनगर विजय मोगा ने बताया कि 74 डिवाइडर्स में से 32 खारा स्तोत्र से पीडब्लूडी तिराहा तक लगा दिए हैं। बाकी 42 बनकर आते ही लगा दिए जाएंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 175 किमी की सड़क पर क्रश बैरियर लगाने और शत प्रतिशत पूर्ण करने के बाद मंत्रालय को रिपोर्ट भेज दी गई है। एएसपी जेआर जोशी ने पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन लगाम की जानकारी दी। एसडीएम संदीप कुमार, एआरटीओ सत्येन्द्र राज आदि मौजूद थे।