आपदा व दुर्घटना की स्थिति में त्वरित गति से करें सूचना का आदान-प्रदान
नई टिहरी। जिले में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने जिलास्तरीय अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा व दुर्घटना की स्थिति में त्वरित गति से सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के साथ मौके पर पहुंचने को कहा है।
डीएम ने आपदा प्रबंधन आईआरएस प्रणाली के नामित सभी अधिकारियों व विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने, सड़क, बिजली, पानी आदि व्यवस्थाओं के बाधित होने की दशा में शीघ्र व्यवस्था को सुचारु करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास, ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में रहने के निर्देश दिए हैं।
आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों व गांव में विशेष नजर बनाए रखने, अपना फोन स्विच ऑफ न रखने, आपदा में फंसे लोगों को खाद्य सामग्री, मेडिकल के साथ अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को उपलब्ध करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने विद्यालयों के प्रधानाध्यपक, प्रधानाचार्यों से छात्र-छात्राओं के सुरक्षा के मध्यनजर सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। कहा कि क्षेत्रीय अधिकारी व कर्मचारी आपदा से संबंधित सूचना को आपातकालीन परिचालन केंद्र / आपदा नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 01376-234793, 233433, टोल फ्री नंबर 01376-1077, मो0-8126268098, 7465809009, 9456533332, 7983340807 पर शीघ्र दें।