व्यापारियों ने बैठक कर पीड़ित परिवार को मदद का दिया भरोसा
लंबगांव (टिहरी)। आठ सालों से सऊदी अरब में फंसे उत्तरकाशी जिले में डुंडा ब्लॉक के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल की मदद करने के लिए लंबगांव व्यापार मंडल आगे आया है। व्यापारियों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने का निर्णय लिया है। पीड़ित परिवार को मदद देने के लिए बुलाई गई बैठक में व्यापारियों ने पीड़ित परिवार को सहयोग देने का भरोसा दिया।
बताया गया कि इंद्रमणि नौटियाल आठ साल पहले रोजगार के लिए सऊदी अरब गए थे। वहां इंद्रमणि एक ट्रक चालक के रूप में कार्य कर रहा था। इस दौरान उनका ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें पांच लोगों की माैत हाे गई थी जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया था। संबंधित वाहन का बीमा नहीं होने के कारण मामला न्यायालय में पहुंचा। न्यायालय के निर्णय के अनुसार उनकी रिहाई के लिए लगभग नौ लाख सऊदी रियाल की धनराशि जमा करनी होगी लेकिन इंद्रमणि जमा नहीं कर पाए हैं।
कुछ दिनों पहले ही उनकी बेटी दीपिका ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने पिता की रिहाई के लिए आर्थिक मदद की अपील की है। उसके बाद लंबगांव व्यापार मंडल ने मदद का बीड़ा उठाया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पंवार और कविराज बगियाल ने कहा कि शासन-प्रशासन से उन्हें कोई मदद नहीं मिल रही है। व्यापार मंडल धनराशि एकत्रित कर शीघ्र ही पीड़ित परिवार को सौंपेगा।