विश्वनाथ जगदीशिला डोली यात्रा का बृहस्पतिवार को नरेंद्रनगर पालिका प्रेक्षागृह में भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने डोली के दर्शन कर मन्नतें मांगीं। देर शाम डोली यात्रा चंबा होते हुए नई टिहरी शहीद पार्क में पहुंची, जहां डोली के दर्शनों के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
प्रदेश की खुशहाली के लिए हर वर्ष 27 दिवसीय विश्वनाथ जगदीशिला डोली यात्रा निकाली जाती है। प्रदेशभर में भ्रमण करने के बाद गंगा दशहरा के दिन भिलंगना के जगदीशिला में भव्य मेले का आयोजन किया जाता है। भ्रमण पर निकली डोली बृहस्पतिवार को ऋषिकेश से नरेंद्रनगर पहुंची।
पालिका प्रेक्षागृह में डोली ने विश्राम किया, जहां नगर क्षेत्र के लोगों ने डोली के दर्शन कर मन्नतें मांगीं। जगदीशिला डोली का आगराखाल, फकोट, खाड़ी और चंबा में भी स्वागत कर लोगों ने मन्नतें मांगी। देर शाम डोली रात्रि विश्राम के लिए नई टिहरी पहुंची। नई टिहरी शहीद पार्क में लोगों ने डोली का जोरदार स्वागत किया।