थप्पड़ प्रकरण को लेकर व्यापारियों और पुलिस के बीच उत्पन्न विवाद का पटाक्षेप हो गया। पीड़ित व्यापारी और उसके बेटे ने घटनाक्रम पर खेद व्यक्त करते हुए मामले को समाप्त करने की अपील की। व्यापारियों के आग्रह पर पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल भी बंद कर दी है।
पांच जून को व्यापारी त्रिलोक सिंह ने थानाध्यक्ष विनोद राणा पर आरोप लगाया था कि एसओ ने थाने में उनके पुत्र दीपक को बेवजह थप्पड़ मार दिया था। एसएसपी ने मामले की जांच सीओ डीएम तोमर को सौंपी थी। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक यूएस नेगी लंबगांव थाने पहुंचे। उन्होंने थानाध्यक्ष और व्यापारियों से घटना की जानकारी ली। पीड़ित व्यापारी और उसका बेटा भी थाने पहुंचा। उन्होंने एएसपी को लिखित में प्रकरण की जांच बंद करने की अपील की। इस मौके पर व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष कैलाश पंवार, शूरवीर बिष्ट, युद्धवीर राणा, नरेश रावत, गिरीश पंवार, केदार पंवार, राजेश बिष्ट उपस्थित रहे। एएसपी नेगी ने बताया कि पीड़ित पक्ष के प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच पड़ताल बंद कर दी गई है।