नई टिहरी। बदहाल बौराड़ी स्टेडियम के जल्द ही अच्छे दिन आ सकते हैं। इसे चाक-चौबंद बनाने के लिए युवा कल्याण विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। 86 लाख से स्टेडियम का आधा पड़ा निर्माण शुरू होगा। शनिवार को अपर सचिव युवा कल्याण एवं खेल प्रताप शाह ने स्टेडियम का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि स्टेडियम में छात्र और छात्राओं के लिए एक-एक डोरमेट्री और पानी की निकासी के लिए ड्रेनेज बनाए जाने के साथ ही स्टेडियम का गेट भी लगाया जाएगा।
नई टिहरी के बौराड़ी में एक ही खेल मैदान है। करीब चार साल पहले 2015-16 में युवा कल्याण विभाग ने छह करोड़ की लागत से स्टेडियम का विस्तार और हॉस्टल का निर्माण किया था।
खेल मैदान में बारिश के पानी की निकासी न होने से यहां दलदल की समस्या बनी रहती है। गेट न होने से मैदान में पशुओं का जमघट रहता है। इसके अलावा बाइक और कार चलाना सीखने के लिए भी प्रशिक्षु इसका इस्तेमाल करते हैं।
शिक्षा विभाग, खेल विभाग और युवा कल्याण विभाग को खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए रानीचौरी, चंबा, नरेंद्रनगर और मुनिकीरेती में जाना पड़ता है। फरवरी माह में निर्माण राशि का प्रस्ताव भेजा गया था।
सीएम भी करेंगे खेल विभाग के कार्यों की समीक्षा
अपर सचिव के अनुसार तीन-चार दिन में प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी खेल विभाग के कार्यों की समीक्षा करेंगे।