घनसाली (टिहरी)। राजकीय इंटर कॉलेज व राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अखोड़ी में बाल संरक्षण व बाल अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को बाध, साइबर अपराध और नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई।
जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ऋषि कुमार ने बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति को चिंताजनक बताते हुए कहा कि नशे का सेवन बच्चों के भविष्य, स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे किसी भी समस्या को न छिपाएं और निडर होकर परिजनों को से साझा करें।
जिला बाल संरक्षण इकाई से विधि सह-परिवीक्षा अधिकारी सुखदेव बहुगुणा ने बाल विवाह निषेध अधिनियम के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का अधिकार है कि वह सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करे और अपना भविष्य संवार सके। चाइल्ड सहायता सेवा 1098 के परियोजना समन्वयक दीपक भट्ट ने इंटरनेट अपराधों से बचाव, ऑनलाइन खेलों की लत के दुष्प्रभाव और बाल श्रम की जानकारी दी। इस मौके पर बाल कल्याण समिति के सदस्य सोहन सिंह रावत, धर्मेंद्र रावत, अमरजीत सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद