नई टिहरी। मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग को लेकर बौराड़ी गणेश चौक में तीन माह से चले रहे आंदोलन की कोई सुध नहीं लेने पर संयुक्त संघर्ष समिति ने कड़ा रोष जताया है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस नौ नंवंबर तक सरकार ने नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनाने का शासनादेश जारी नहीं किया तो उसके एक-दो दिन बाद आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।
नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति पिछले तीन माह से बौराड़ी गणेश चौक में धरना और क्रमिक अनशन में बैठे हैं। लेकिन सरकारी स्तर से कोई सुध नहीं लिए जाने के कारण समिति के लोगाें में कड़ा रोष बना हुआ है। समिति के सदस्यों ने कहा कि गैरसैण में आयोजित सत्र में पूरक बजट में भी नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज के लिए कोई धनराशि नहीं रखने पर प्रदेश सरकार के प्रति कड़ी नाराजगी जताई है।
उन्होंने कहा कि तीन माह आंदोलन चलाया जा रहा है, लेकिन कोई सुध नहीं लिए जाने पर अब समिति ने अनिश्चितकालीन भूखहड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है। समिति के प्रवक्ता महीपाल सिंह नेगी ने बताया कि कोर कमेटी ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। राज्य स्थापना दिवस तक मेडिकल कॉलेज बनाने का शासनादेश जारी नहीं किया जाता है, तो शीघ्र ही भूखहड़ताल शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि सबसे पहले छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट अनशन पर बैठेंगे।
उन्होंने बताया कि आमरण अनशन के लिए समिति ने संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सिंह सजवाण, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी राजेंद्र पैन्यूली व देवेंद्र नौडियाल, छात्र नेता राहुल बुटोला और युवा कांग्रेस के लखवीर चौहान का नाम प्रस्तावित किया है। समिति के प्रवक्ता ने बताया कि पांच नवंबर को संघर्ष समिति की कोर कमेटी की बैठक की जाएगी।