भागीरथीपुरम स्थित टीएचडीसी हाइड्रो पावर इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने में सफल हो रहा है। दूसरे सत्र में पास आउट होने वाले 40 छात्रों का कैंपस सेलेक्शन के माध्यम से मल्टी नेशनल कंपनियों में चयन हुआ है, जबकि 50 से अधिक छात्रों ने इंजीनियरिंग की महत्वपूर्ण गेट प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की है। वर्ष 2015 में भी प्रथम वर्ष के पास आउट करीब 50 से अधिक छात्रा-छात्राएं देश की नामी कंपनियों में सेवाएं दे रहे हैं।
टीएचडीसी हाइड्रो पावर इंजीनियरिंग संस्थान में बीटेक के सिविल, मेकेनिकल, इलैक्ट्रीकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस में करीब दो सौ छात्र-छात्राएं अंतिम वर्ष की परीक्षा में शामिल हुए हैं, जिनका परीक्षा परिणाम जुलाई के द्वितीय सप्ताह में आने वाला है। लेकिन संस्थान ने छात्रों को रोजगार मुहैया करवाने के लिए जनवरी से ही कवायद शुरू कर दी थी।
उन्होंने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में काम करने वाली करीब एक दर्जन से अधिक मल्टी नेशनल कंपनियों से संपर्क पर कैंपस सेलेक्शन को बुलाया था, जिसमें 40 छात्रों का चयन हुआ। संस्थान के 50 छात्रों ने इंजीनियरिंग की प्रतिष्ठित गेट (ग्रेज्युएट एप्टीट्यूट टेस्ट इन इंजीनियरिंग) परीक्षा अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण की है। साथ ही करीब 30 छात्र-छात्राएं नोएडा, दिल्ली, चेन्नई, मुंबई में आईएएस, आईपीएस सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग ले रहे हैं।
पहले बैच के 50 युवाओं का हुआ प्लेसमेंट
संस्थान के 2014-15 में पास आउट हुए पहले बैच के करीब 50 छात्रों को वोक्सा टेक्नोलॉजी, कोंसीटज टेक्नो, शानदार टेक्नो, विडियोकॉन, फेयर डील, इंडोजर्मन बैक्स, शिवम आटोटेक, ड्यूराबेल आदि में कैंपस सेलेक्शन के माध्यम से चयन हुआ था, जबकि आधा दर्जन छात्र-छात्राएं विदेश में यूनिवर्सिटी कालेज डबलिंग, आयरलैंड एवं यूनिवर्सिटी आफ सास का चेवान, कनाडा समेत 50 छात्र-छात्राएं देश के आईआईटी, एनआईटी, आईआईएम आदि में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
संस्थान पास आउट होने वाले छात्रों को प्लेसमेंट के लिए प्रयास कर रहा है। इसका परिणाम है कि तीन दर्जन से अधिक छात्रों का चयन हो चुका है, जबकि 50 छात्रों ने गेट परीक्षा उत्तीर्ण की है। छात्रों के बेहतरी के लिए काम किया जा रहा है।
-पीएस पांडे, प्लेसमेंट आफिसर हाइड्रो पावर इंजीनियरिंग संस्थान।