जूनियर हाईस्कूल गेंवाली में शिक्षक की तैनाती की मांग को लेेकर चार दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे ग्राम प्रधान बचन सिंह रावत ने एसडीएम जगदीश लाल और सहायक खंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर प्रसाद के लिखित आश्वासन पर भूख हड़ताल स्थगित कर दी है।
एसडीएम और सहायक खंड शिक्षा अधिकारी ने उन्हें लिखित में आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के अंतर्गत विद्यालय में दो शिक्षकों की अनिवार्य रूप से तैनाती कर दी जाएगी। इस बीच ग्राम प्रधान ने कहा कि यदि निर्धारित समय अवधि तक शिक्षकों ने विद्यालय में कार्यभार ग्रहण नहीं किया तो वे फिर से भूख हड़ताल शुरू करने को बाध्य होंगे।
जूनियर हाईस्कूल गेंवाली में शिक्षक न होने के कारण पिछले तीन माह से ताला लटका हुआ था। इस वजह से विद्यालय में अध्ययनरत 58 छात्र-छात्राएं प्रतिदिन स्कूल पहुंचने के बाद बैरंग घर को लौट रहे थे। शिक्षा विभाग की लचर कार्यप्रणाली से क्षुब्ध ग्राम प्रधान रावत 16 नवंबर से विद्यालय परिसर में भूख हड़ताल पर बैठे हुए थे।
बृहस्पतिवार को एसडीएम लाल और सहायक खंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर प्रसाद गेंवाली विद्यालय में आंदोलनर स्थल पर पहुंचे। एक घंटे तक चली वार्ता के उपरांत दोनों अधिकारियों ने अनशनकारी को लिखित में दिया कि एक सप्ताह के अंतर्गत विद्यालय में दो शिक्षक तैनात कर दिए जाएंगे। आश्वासन मिलने पर उन्होंने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की।