कोरोना संक्रमण के कारण गांव लौटे प्रवासियों का डाटा तैयार कर उन्हें स्किल के अनुसार जॉब देने के लिए प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। सीडीओ अभिषेक रूहेला ने होप (हेल्पिंग आउट पीपल एवरीव्हेयर) पोर्टल के संबंध में बैठक कर स्वरोजगार के अवसर सृजन करने के लिए अधिकारियों को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
विकास भवन में आयोजित बैठक में सीडीओ रूहेला ने बताया कि लोगों का होप के माध्यम से प्राथमिकता के साथ डाटा तैयार कर इसे पोर्टल पर अपलोड किया जाए। इसके बाद डाटाबेस का विश्लेषण कर स्वरोजगार देने की प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने डीडीओ आनंद सिंह भाकुनी को पोर्टल का प्रचार समाचार पत्रों समेत अन्य माध्यमों से प्रचार करने के निर्देश भी दिए। साथ ही उद्योग जगत के साथ समन्वय बनाकर वहां पर मैनपॉवर की आवश्यकताओं का आकलन करने को भी कहा। इस मौके पर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी निर्मल शाह, सेवा योजन अधिकारी विक्रम आदि मौजूद थे। संवाद।