संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। जाखणीधार ब्लॉक के मदन नेगी में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 62 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर दवा वितरित की गई। शिविर में आए लोगों में सिर दर्द, बदन दर्द, सर्दी-खांसी और जुकाम लक्षण मिले। डॉक्टर ने स्वस्थ रहने के लिए जीवनशैली में बदलाव के बारे में जानकारी दी।
शुक्रवार को मदन नेगी में डॉ. योगेश चंद्र गजरोला ने शिविर में मुफ्त परामर्श के साथ मरीजों के ब्लड प्रेशर, शुगर, पल्स, खून की कमी, खांसी, बुखार सहित अन्य प्रमुख रोगों की जांच कर उन्हें ठंड से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने असंतुलित खानपान के साथ ही दिनचर्या के कामों के तनाव से होने वाले रोगों के बारे में बताया। शिविर आयोजन में जिला पंचायत सदस्य बलवंत रावत, पूर्व दायित्वधारी प्रेम दत्त जुयाल, देवेंद्र नौटियाल आदि ने सहयोग करते हुए अमर उजाला फाउंडेशन की पहल को सराहनीय बताया।
कहा ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों की सहायता और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए शिविर आयोजित किए जाने चाहिए। फाउंडेशन के लैब तकनीशियन संजय डालाकोटी ने खून के सैंपल लेकर जरूरी जांचें कीं। जबकि फाउंडेशन के देवेंद्र नगरकोटी से लेकर कई स्थानीय लोगों ने सहयोग किया।
मंदार में आज लगेगा स्वास्थ्य शिविर
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आज (शनिवार) को जाखणीधार ब्लॉक के ढुंगमंदार पट्टी के मंदार में सुबह 10:30 बजे से निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। शिविर दोपहर दो बजे तक चलेगा। शिविर में ईसीजी, ब्लड शुगर और अन्य जांच करने के साथ ही लोगों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएगी।