नागरिक मंच के पदाधिकारियों ने बैठक कर नगर की समस्याओं पर की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। नागरिक मंच नई टिहरी की बैठक में रीह-घुत्तु ग्रेविटी पेयजल योजना और मेडिकल काॅलेज निर्माण नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। मंच पदाधिकारियों ने दोनों मुद्दों पर शासन-प्रशासन की ओर से जल्द निर्णय नहीं लिए जाने पर आक्रोश जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। सामुदायिक मिलन केंद्र बौराड़ी में नागरिक मंच के अध्यक्ष सुंदर लाल उनियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंच के पदाधिकारियों ने 17 मांगों का प्रस्ताव तैयार किया। मंच के सदस्यों ने कहा कि जिला चिकित्सालय बौराड़ी में आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक की जांचों के लिए मरीज को एक पर्चा बनने, राष्ट्रीय राजमार्ग मसूरी-बाटाघाट-श्रीनगर को नई टिहरी से जोड़ने की मांग उठाई।
सीएम घोषणा के बाद भी नई टिहरी में बांध प्रभावितों व विस्थापितों के लिए अतिरिक्त भूमि का आवंटन नही हो पा रहा है। बौराड़ी स्टेडियम का विस्तारीकरण व सुधारीकरण नहीं किए जाने व नरेंद्रनगर में जिलास्तरीय कार्यालय को जिला मुख्यालय में शिफ्ट नहीं करने पर नाराजगी जताई। बौराड़ी बस अड्डे के समीप एआरटीओ कार्यालय के चिह्नित भूमि पर भवन निर्माण किए जाने, नई टिहरी शहर निर्माण के प्रस्तावक स्व़ बचन सिंह नेगी की स्मृति नगर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर स्मृति द्वार बनाए जाने का प्रस्ताव पास किया।
उन्होंने कहा कि नागरिक मंच नगर में बिजली के स्मार्ट मीटरों के लगाए जाने का विरोध करेगा। इस मौके पर महामंत्री जगजीत सिंह नेगी, संरक्षक चंडी प्रसाद डबराल,उपाध्यक्ष चतर सिंह चौहान, भगवान चंद रमोला, पीडी नौटियाल, नरोत्तम जखमोला, बीपी बधानी, किशोरी लाल चमोली मौजूद थे।