घंटाकर्ण घंडियाल मंदिर में तीन दिवसीय महायज्ञ का शुभारंभ किया गया है। पहले दिन नवनिर्मित मंदिर के गर्भ गृह में पूजा अर्चना की गई। इस दौरान घंटाकर्ण घंडियाल के जय घोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
घंडियाल डांडा क्वीली में नवनिर्मित मंदिर में महायज्ञ शुरू किया गया। घंडियाल देवता के पश्वा की उपस्थिति में गर्भ गृह में पूजा अर्चना की गई। देवता के पश्वा कुलवीर सजवाण, सुभाष सजवाण, ताजबीर खाती ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी, पूर्व विधायक ओमगोपाल रावत, नगर पंचायत गजा की अध्यक्ष मीना खाती ने भी मंदिर में पूजा अर्चना का आशीर्वाद लिया। कृषि मंत्री ने गौंत्याचली से घंडियाल तक पांच किमी सड़क का शिलान्यास किया। कहा कि तीन करोड़ सात लाख की लागत से बनने वाली सड़क से मंदिर तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि घडियाल देवता पूरे क्षेत्र का आराध्य देव है, जो भी व्यक्ति यहां दर्शन को पहुंचते हैं उनकी मनोकामना पूरी होती है। मंत्री ने मंदिर में टीनशेड निर्माण को 10 लाख और मंदिर सौंदर्यीकरण सहित अन्य कार्यों के लिए 20 लाख देने की घोषणा की। नरेंद्रनगर के ब्लाक प्रमुख राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि भविष्य में घंटाकर्ण धाम प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश विदेश के श्रद्धालुओं के लिए बड़ा धार्मिक स्थल बनेगा। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य रघुवीर सजवाण, विजय प्रकाश बिजल्वाण, बीर सिंह रावत, बुद्धि रावत, दिनेश प्रसाद उनियाल, अशोक बिजल्वाण, मान सिंह चौहान आदि मौजूद थे।