टैक्स रिटर्न के करीब डेढ़ करोड़ रुपये जमा नहीं होने पर आयकर अधिकारी हरिद्वार के आदेश पर यहां जिला ट्रेजरी आफिसर ने वित्त अधिकारी विद्यालयी शिक्षा को डिफाल्टर घोषित करते हुए माध्यमिक शिक्षकों-कर्मचारियों का वेतन लॉक कर दिया है। अग्रिम आदेश तक वेतन भुगतान नहीं करने को कहा गया है।
टीओ कमलेश भंडारी ने बताया कि इनकम टैक्स का करीब डेढ़ करोड़ का नोटिस आया है। आयकर आफिसर हरिद्वार ने टैक्स रिटर्न जमा होने तक वेतन रोकने को कहा है। बजट पास नहीं आने से वेतन रुक गया है। बताया गया है कि वर्ष 2009 से आयकर रिटर्न जमा नहीं हुआ है।
राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मेहरबान सिंह भंडारी ने कहा कि ट्रेजरी आफिसर के वेतन रोकने के आदेश से जिले के करीब बीस हजार शिक्षकों-कर्मचारियों को दिक्कत आ गई है। उन्होंने कहा कि शनिवार को जिलाधिकारी चंद्रशेखर भट्ट और चीफ ट्रेजरी आफिसर को ज्ञापन देकर वेतन नहीं रोकने के लिए कहा गया जाएगा। यदि बात नहीं बनी तो जिले के सभी शिक्षक और कर्मचारी धरना देंगे।
वहीं वित्त अधिकारी विद्यालयी शिक्षा केएस बिष्ट ने बताया कि रिटर्न जमा किया हुआ है। हालांकि वह गलत जगह जमा हो गया था। चार-पांच साल का रिटर्न ऑनलाइन ठीक करा दिया है। साल 2011-12 का रह गया है। उन्होंने बताया कि कुछ विद्यालयों ने पर्सनली अपने पेन नंबर से रिटर्न जमा करा दिया था जिसके चलते दिक्कत आई है। इन विद्यालयों की सूची बना ली गई है, जल्द ही इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।