जौनपुर ब्लॉक का किसान का बेटा रजत कवि श्रीलंका और बैंकाक में होने वाली टेनिस बॉल क्रिकेट में अपने हुनर का प्रदर्शन करेगा। खैराड़ गांव निवासी रजत का टेनिस बॉल क्रिकेट के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। यह होनहार खिलाड़ी आगामी अप्रैल-मई में श्रीलंका और बैंकाक में होने वाली सिरीज के लिए भारतीय टीम के लिए मैच खेलेगा।
देहरादून के एसजीआरआर कॉलेज से इस साल बीएसएसी करने वाले खैराड़ गांव निवासी रजत कवि (22) पुत्र स्वराज कवि का टेनिस बॉल क्रिकेट के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। बीते 25 दिसंबर को गुरुकुल कांगड़ी विवि हरिद्वार में टेनिस बॉल क्रिकेट की स्टेट चैंपियनशिप खत्म हुई है, जिसमें उत्तराखंड की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया था। उत्तराखंड टीम में शामिल रजत ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया था, जिसके बाद उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। चयन होने पर उन्होंने बताया कि उन्हें बचपन से ही क्रिकेट का शौक था। शुरू से लाल टेनिस बॉल से प्रैक्टिस करते थे, लेकिन धीरे-धीरे ग्रीन टेनिस बॉल से भी खेलना शुरू किया। कहा कि ग्रीन बॉल में खिलाड़ी को शॉट मारने में जोर ज्यादा लगाना होता है। कहा कि पहाड़ों में प्रतिभा की कमी नहीं है। सिर्फ उचित मंच मिलने से यहां की प्रतिभाएं राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकती है। नैनबाग कांग्रेस के अध्यक्ष व उनके चाचा प्रदीप कवि ने चयन पर खुशी जताई है। उनके चयन पर पूर्व खेल मंत्री नारायण सिंह राण, धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार, जीएमवीएन के अध्यक्ष महावीर रांगड़, डीसीबी अध्यक्ष सुभाष रमोला, जोत सिंह बिष्ट, सुंदर सिंह रावत, विरेंद्र रावत, मोहनलाल निराला ने खुशी जताई है।