कंडीसौड़ में शहीद सैनिक परिजनों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित करते विधायक प्रीतम पंवार।
- फोटो : NEW TEHRI
शहीद सम्मान यात्रा थौलधार ब्लाक मुख्यालय पहुंचने पर शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया गया। धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार, थौलधार ब्लाक प्रमुख प्रभा बिष्ट और जौनपुर की ब्लाक प्रमुख सीता रावत ने शहीद सैनिकों के परिजनों को शॉल और ताम्र पत्र भेंट करते हुए कहा कि देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के आंगन की मिट्टी से सैन्य धाम की स्थापना करने का एतिहासिक कार्य किया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को कंडीसौड़ ब्लाक सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में धनोल्टी विधायक और ब्लाक प्रमुखों ने वीर चक्र विजेता राइफल मैन कुलदीप सिह भंडारी की पत्नी जुपला देवी, सेना मेडल विजेता नायक अतोल सिंह की पत्नी विमला देवी, गार्डस मैन चतर सिंह के भतीजे युद्धवीर सिंह, राइफल मैन रामकुमार के भतीजे दिनेश कुमार, राइफल मैन दिलवर सिंह के भाई प्रवीन राणा और लांस नायक गंगा प्रसाद की पत्नी गुड्डी देवी को शॉल और ताम्र पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेनि.) जीएस चंद ने कहा कि उत्तराखंड सैनिक बाहुल्य राज्य है। प्रदेश में करीब 1734 सैनिकों ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। इसी लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में पांचवें धाम के रूप में सैन्य धाम की स्थापना करने का निर्णय लिया है। देश सेवा में शहीद हुए उत्तराखंड के सैनिकों के आंगन से मिट्टी एकत्रित कर सैन्यधाम का निर्माण किया जाएगा। जहां देश के लिए कुर्बानी देने वाले वीर सैनिकों के बलिदान को हमेशा याद किया जाएगा। इस मौके पर सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी कै. (सेनि.) डीएस बागड़ी, आमोद जोशी, राकेश मोहन नयाल बीडीओ जौनपुर और दुर्गा प्रसाद थपलियाल बीडीओ थौलधार आदि मौजूद थे।