प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी में तैनात डा. श्याम विजय दो-दो मोर्चे संभाल रहे हैं। एक तरफ वह जगह-जगह क्वारंटीन किए गए लोगों के स्वास्थ्य की जांच में जुटे हैं, वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंच रहे मरीजों का इलाज और गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी कर रहे हैं।
भिलंगना ब्लाक में बाहर से आए 251 लोगों को होम क्वारंटीन थे। उनमें से 151 का 28 दिन का पीरियड समाप्त हो गया है, बावजूद उन्हें अपने घरों में ही रहने की सलाह दी गई है। अब उन पर होम क्वारंटीन किए गए 100 लोगों के स्वास्थ्य का जिम्मा है। वह हर दिन उनके स्वास्थ्य जांच के लिए गांव पहुंच रहे हैं, तो कहीं टीम भेज रहे हैं। साथ ही वे घनसाली में लगाए गए बैरियर पर तैनात रहकर बाहर से सब्जी और राशन लेकर आ रहे लोगों के स्वास्थ्य की जांच भी कर रहे हैं। यह जिम्मेदारी निभाने के साथ ही वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी मरीजों की नियमित जांच कर रहे हैं। डा. श्याम विजय ने बताया कि लॉकडाउन घोषित होने से अब तक जहां वह सामान्य ओपीडी के अलावा इमरजेंसी में 495 मरीजों को देख चुके हैं, वहीं 22 मार्च से अब तक 58 प्रसव करा चुके हैं।