रेट लिस्ट चस्पा न होने पर चार दुकानों को नोटिस
नई टिहरी। खाद्य सुरक्षा, औषधि नियंत्रण और बाट-माप विभाग की टीम ने बौराड़ी बाजार में सब्जी, फल, दूध, किराना, मेडिकल की दुकानों का निरीक्षण किया। एक सब्जी की दुकान पर सड़ी फूलगोभी बेचने पर टीम ने टोकरी को नष्ट कर संबंधित दुकानदार को फटकार लगाई और भविष्य में शिकायत मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी।
शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी के नेतृत्व में टीम ने दुकानों पर रेट लिस्ट, साफ-सफाई और सोशल डिस्टेंस की जानकारी ली। चार दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा न होने से उन्हें नोटिस जारी किया गया। एक दुकान पर चिप्स के पैकेट एक्सपायरी डेट के मिले, जिसे नष्ट कर दुकानदार को हिदायत दी गई। घटतोली, तोल उपकरण में अनियमितता पर बाट-माप विभाग ने पांच दुकानों का चालन कर नोटिस जारी किया। मेडिकल स्टोर पर पर्याप्त मात्रा में जीवन रक्षक दवाइयां, बीपी, शुगर की गोलियां, मास्क, सैनिटाइजर और ग्लब्स आदि पर्याप्त मात्रा में मिले। इस मौके पर ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रप्रकाश नेगी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा, जगदीश उनियाल आदि मौजूद थे। दूसरी, ओर खाद्य पूर्ति निरीक्षक धीरेंद्र पेटवाल ने जाखणीधार, अंजनीसैंण, लामरीधार, खंडोगी आदि बाजार में राशन दुकानों का निरीक्षण कर जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता को परखा। उन्होंने दुकानदारों को निर्धारित मूल्य पर ही सामग्री बिक्री करने के निर्देश दिए।