नई टिहरी। विश्व दिव्यांग दिवस पर ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति राड्स संस्था और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र नई टिहरी की पहल पर जाखणीधार के नंदगांव में गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में दिव्यांगजनों को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। योजनाओं का लाभ लेकर दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
मंगलवार को नंदगांव में हुई गोष्ठी में जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र के जिला समन्वयक जगदीश बडोनी ने कहा केंद्र और राज्य सरकार दिव्यांगजनों को स्वावलंबी बनाने के लिए उन्हें स्वरोजगार हेतु ऋण, शिक्षा के लिए विशेष अनुदान और पुनर्वास आदि योजनाओं को संचालित कर रही है।
राड्स संस्था सचिव कुंभीबाला भट्ट ने कहा कि संस्था की ओर से दिव्यांगजनों को जरूरत के मुताबिक उपकरण दिए जाते हैं। बालकृष्ण भट्ट ने दिव्यांगजनों को स्वरोजगार योजनाओं के लिए मिलने वाले ऋण और अनुदान के बारे में बताया। रंजीता थपलियाल ने मानसिक रूप से स्वस्थ रहने और सकारात्मक सोच बनाए रखने के दिव्यांगजनों को टिप्स दिए।
गोष्ठी समापन पर जरूरतमंदों को बैसाखी व अन्य सामग्री वितरित की गई। छह दिव्यांगजनों ने स्वरोजगार शुरू करने के लिए ऋण का आवेदन भी किया। इस मौके पर ग्राम पिपोला के निवर्तमान ग्राम प्रधान विनोद चमोली, आशाराम भट्ट, महावीर गुनसोला, मकान सिंह, लक्ष्मी बहुगुणा, अशरुफी रावत, मालचंद मकानी देवी, मनीषा नेगी, बलमा देवी सोना देवी, मनवीर सिंह, शूरवीर सिंह आदि मौजूद थे।