घनसाली/ नैनबाग। घनसाली क्षेत्र में भारी बारिश से छतियारा-खवाड़ा सड़क गत दिन से बाधित है। हालांकि हल्के वाहनों के लिए सड़क खुल गई है लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से बड़े वाहनों की आवाजाही बंद है।
केपार्स के ग्राम प्रधान रतन सिंह ने बताया भारी मलबा और बड़े बोल्डर आने से सड़क बाधित होने से क्षेत्र के 32 गांव के लोग प्रभावित हैं। सड़क खोलने के लिए प्रशासन ने जेसीबी मशीन लगाई है लेकिन सड़क पूरी तरह से खुल नहीं पाई है। मांदरा गांव के नीचे लगातार भूस्खलन होने ग्रामीण दहशत में है। बारिश से क्षेत्र के गाड़-गदेरे उफान होने से लोगों की परेशानी बढ़ी हैं।
एसडीएम मंजू राजपूत का कहना कि हिंदाव और बूढ़ाकेदार क्षेत्र में जिन परिवारों के घरों के आंगन में दरारें आई है। उन्हें सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। छतियारा-खवाड़ा सड़क खोलने के लिए ऋषिकेश से ब्रेकर और कंप्रेसर मशीन मंगवाई गई है। मशीनों की मद्द से सड़क को पूरी तरह से खोलने का काम किया जाएगा।
वहीं नैनबाग क्षेत्र में अतिवृष्टि से ऐदी गांव के खेतों में पानी और मलबा घुसने से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। पूर्व ग्राम प्रधान सुप्पा सिंह पंवार ने बताया खेतों में पानी और मलबा आने धान, दालें और नकदी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने जिला प्रशासन से क्षतिग्रस्त फसलों का आंकलन कर काश्तकारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।