थत्यूड़ (टिहरी)। नागटिब्बा में संचालित श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन श्री कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। कथा श्रवण करने आए श्रद्धालुओं ने हाथी घोड़ा पालकी-जल कृष्ण कन्हैया लाल की, नंद के घर आनंद भयौ भजनों पर गायन किया। भजनों पर श्रद्धालुओं ने पांडाल में नृत्य भी किया। कथा वक्ता आचार्य मदन मोहन ने कहा कि जब-जब धरती पर अर्धम, अत्याचार और अन्याय बढ़ने लगता है, तब-तब प्रभु धर्म की रक्षा और विश्व कल्याण के लिए विविध रूप में अवतार लेकर मानव जाति का कल्याण करते हैं। समिति के अध्यक्ष विरेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को कथा में आमंत्रित किया गया लेकिन खराब मौसम के कारण वह नागटिब्बा धाम नहीं पहुंच पाए। जिला पंचायत सदस्य रामदयाल शाह ने मंदिर सौन्दर्यीकरण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर जयपाल कैरवाण, सरदार सिंह हनुमंती, व्यापार मंडल अध्यक्ष अकवीर पुंवार, कुलदीप असवाल, सुमेर चंद पंवार आदि मौजूद रहे। संवाद
..................
स्कूटी में आग लगाने वालों की गिरफ्तारी की मांग
नई टिहरी। चंबा के नकोट बाजार के समीप विरेंद्र सिंह नेगी की घर के पास खड़ी स्कूटी को रविवार रात को असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी गई। विरेंद्र ने बताया कि रोज की तरह उन्होंने रात को अपनी स्कूटी घर के पास खड़ी की हुई थी लेकिन देर रात को आग की तेज रोशनी दिखने के कारण उनकी पत्नी और वह कमरे से बाहर आए तो देखा स्कूटी में आग लगी हुई है। उन्होंने यह भी बताया उसी दौरान एक कार भी तेज रफ्तार से वहां से गुजरी। अंधेरा होने के कारण वह कार को पहिचान नहीं सके। आनन-फानन में किसी तरह स्कूटी पर लगी आग को काबू किया। उन्होंने घटना की सूचना थाना चंबा को दी। सोमवार सुबह थाने से आए पुलिस कर्मी राकेश राणा और सुनील कुमार ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाएं। जल्द असामाजिक तत्वों को पकड़ने का भरोसा दिया। नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, ताजवीर खाती, मानवेंद्र बिष्ट, विक्रम रावत ने असामाजिक तत्वों को शीघ्र पकड़ कर उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की। संवाद